भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं,
जनसंपर्क अभियान तेज
किच्छा। 18/09/2026
नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने विभिन्न वार्डों में प्रचार अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को वार्ड नंबर 07, 09 और 10 में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में एकजुट होकर चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
वार्ड नंबर 09 स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी और बेदी मोहल्ला (अनुसूचित बस्ती) में भाजपा नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संदीप अरोड़ा ‘सोनू’ और सभासद पद की प्रत्याशी श्रीमती आयोध्या देवी के समर्थन में सभा आयोजित हुई। सभा में क्षेत्र के विकास, जनसेवा और संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की गई।
इस दौरान पूर्व सभासद गोल्डी ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने की घोषणा करते हुए भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन दिया। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संदीप अरोड़ा ‘सोनू’ के साथ उनके आवास पहुंचकर परिवारजनों से शिष्टाचार भेंट की गई। इस दौरान परिवारजनों और क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद भी हुआ।
वार्ड नंबर 07 के ग्राम बंडिया में भी भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा ‘सोनू’ और सभासद पद के प्रत्याशी केवल सिंह के समर्थन में सभा हुई। यहां उपस्थित कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में एकजुट होकर चुनाव अभियान को मजबूत करने की अपील की गई।
वहीं, वार्ड नंबर 10 में तहसील रोड स्थित गैस एजेंसी क्षेत्र में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। इसमें भाजपा नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संदीप अरोड़ा ‘सोनू’ और सभासद पद की प्रत्याशी किरन राठौर के समर्थन में लोगों से संपर्क किया गया। सभा में क्षेत्र के विकास और जनसेवा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया।
कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों की मौजूदगी रही। कार्यकर्ताओं ने चुनाव अभियान को सक्रियता के साथ आगे बढ़ाने की बात कही।





