21.450 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, तस्करी में इस्तेमाल अर्टिगा कार बरामद
**रुद्रपुर।** एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ रुद्रपुर और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने 21.450 किलो गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है।
03 अक्टूबर को त्रिशूल चौक से रुद्रपुर-गदरपुर हाईवे होते हुए ब्लॉक कार्यालय जाने वाले बाईपास कट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन संख्या HR55AT-9269 अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली। कार से 21.450 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने राजेश कुमार निवासी पलवल, हरियाणा और प्रशांत शिकारी निवासी रुद्रपुर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के मल्कानगिरी से ददू उर्फ नीलू नामक व्यक्ति से लाकर रुद्रपुर में थोक और फुटकर में बेचने की बात बताई। पुलिस के अनुसार आरोपी राजेश कुमार पूर्व में वर्ष 2020-21 में तेलंगाना के भद्राचलम थाना क्षेत्र में 200 किलो गांजे के मामले में जेल जा चुका है। आरोप है कि अर्टिगा कार में टैक्सी नंबर लगाकर गांजे की तस्करी की जा रही थी।
दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





