जल्द खुलेगा रुद्रपुर का प्रेस क्लब, निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए संयुक्त निदेशक ने किया निरीक्षण, 70.59 लाख के प्रस्ताव पर शासन स्तर पर प्रक्रिया तेज

जल्द खुलेगा रुद्रपुर का प्रेस क्लब, निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए संयुक्त निदेशक ने किया निरीक्षण, 70.59 लाख के प्रस्ताव पर शासन स्तर पर प्रक्रिया तेज

 

**रुद्रपुर।** रुद्रपुर के पत्रकारों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से प्रेस क्लब / मीडिया सेंटर के सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। संयुक्त निदेशक, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग नितिन उपाध्याय ने पत्रकारों के साथ बैठक कर प्रेस क्लब से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की और निर्माण कार्य की प्रगति जानने के लिए मीडिया सेंटर का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

 

जिला सूचना कार्यालय, ऊधम सिंह नगर में आयोजित बैठक के दौरान पत्रकारों ने प्रेस क्लब / मीडिया सेंटर के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने और इसके सुचारू संचालन की मांग उठाई। इस पर संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय ने बताया कि निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य के लिए 70.59 लाख रुपये की अनुमानित लागत की टीएसी स्वीकृति मिल चुकी है। इस संबंध में सूचना विभाग की ओर से शासन को पत्र भी भेजा जा चुका है।

 

उन्होंने बताया कि शासन स्तर से कार्यदायी संस्था के चयन के निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम में कार्यदायी संस्था के चयन के लिए जिलाधिकारी को भी पत्र भेजा गया है। ऐसे में अब प्रशासनिक स्तर पर आगे की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।

 

बैठक में पत्रकारों ने उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में पत्रकारों के लिए आरक्षित सीटों पर स्पष्ट रूप से ‘पत्रकारों हेतु आरक्षित’ लिखवाने, रेलवे में पूर्व की भांति पत्रकारों को यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने और पत्रकारों के लिए समूह बीमा की व्यवस्था किए जाने की मांग भी रखी।

 

रेलवे यात्रा सुविधा के मुद्दे पर संयुक्त निदेशक ने पत्रकारों से संयुक्त ज्ञापन उपलब्ध कराने को कहा, ताकि उनकी मांग को शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जा सके।

 

बैठक के बाद संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय ने जिला सूचना अधिकारी गोविंद सिंह बिष्ट के साथ प्रेस क्लब / मीडिया सेंटर रुद्रपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रस्तावित निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की जानकारी ली।

 

अब पत्रकारों की निगाहें शासन और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। 70.59 लाख रुपये के प्रस्ताव और कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ ही रुद्रपुर में प्रेस क्लब के निर्माण का इंतजार खत्म होने की उम्मीद जगी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement