अमेरिका ने ईरान से पेट्रोलियम उत्पादों के कारोबार में कथित तौर पर मदद करने के आरोप में मुंबई की दो कंपनियों और उनसे जुड़े पांच भारतीय नागरिकों पर प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, कार्रवाई एसएसपीएल सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड और समुद्र मरीन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ की गई है।
प्रतिबंधों के दायरे में एसएसपीएल सॉल्यूशंस से जुड़े ध्वनि और निसर्ग वोरा तथा समुद्र मरीन सर्विसेज से जुड़े केतन कोचिकर, भूपेंद्रसिंह साहू और हरिश्याम हरिहरन चुंडाकट्टिल शामिल हैं। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि इन कंपनियों ने ईरानी पेट्रोलियम उत्पादों के आयात में मदद की। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि ईरान को प्रतिबंधों से बचने में मदद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
अमेरिका ने इस कार्रवाई को ईरान पर दबाव बढ़ाने के अपने अभियान का हिस्सा बताया है। अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, इस अभियान के तहत अन्य कंपनियों, व्यक्तियों और जहाजों पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। समुद्र मरीन सर्विसेज को 23 अक्टूबर तक कुछ लेन-देन समेटने के लिए सीमित समय दिया गया है, ताकि कंपनी मौजूदा कारोबार को व्यवस्थित तरीके से बंद कर सके।





