छत्तीसगढ़: मां-बेटे की हत्या, घर के बाथरूम में मिला महिला का शव
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र में शिक्षिका रजनी बरेठ (40) और उनके 17 वर्षीय बेटे सुजल की हत्या का मामला सामने आया है। शनिवार को दोनों के शव अलग-अलग स्थानों पर मिले। रजनी का शव घर के बाथरूम में मिला, जबकि सुजल की लाश घर से करीब 20 किलोमीटर दूर एक गड्ढे में पड़ी थी। दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सुजल की स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में मिली। शनिवार सुबह किशोर का शव मिलने के बाद उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। देर शाम जांजगीर-चांपा जिले से पहुंचे उसके मामा-मामी और नानी घर पर ताला लगा होने तथा मां-बेटे के फोन नहीं उठाने पर थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें शव की तस्वीर दिखाई, जिसके बाद मामा ने किशोर की पहचान सुजल बरेठ के रूप में की।
सुजल की मां का भी फोन नहीं उठने पर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद शनिवार रात घर का ताला तोड़कर तलाशी ली गई, जहां बाथरूम में रजनी का शव मिला। पुलिस के मुताबिक, दोनों शवों के पास मोबाइल फोन नहीं मिले हैं। रजनी का करीब पांच वर्ष पहले तलाक हो चुका था और वह बेटे के साथ रहती थीं। मामले में पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।





