उत्तर प्रदेश: 9.18 लाख किसानों को 493 करोड़ रुपये की राहत देंगे सीएम योगी
उत्तर प्रदेश में बाढ़ और अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गोरखपुर से 9,18,091 किसानों के खातों में 493 करोड़ रुपये की कृषि निवेश अनुदान राशि जारी करेंगे। गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष की शुरुआत से 9 अक्टूबर तक बाढ़, अतिवृष्टि, चक्रवात और ओलावृष्टि से फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को सहायता देने के लिए चिन्हित किया गया है। सितंबर के अंतिम सप्ताह में चक्रवात और भारी बारिश के कारण प्रदेश के कई जिलों में खेतों में पानी भर गया था, जिससे धान समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा।
फसल क्षति का आकलन पूरा होने के बाद प्रभावित किसानों को सहायता राशि देने की प्रक्रिया तेज की गई है। सरकार की ओर से जारी की जा रही 493 करोड़ रुपये की धनराशि का उद्देश्य प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को आर्थिक राहत देना है।





