झारखंड: समरसता एक्सप्रेस के टॉयलेट में मिला यात्री का शव, मचा हड़कंप

झारखंड के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह मुंबई-शालीमार समरसता एक्सप्रेस के स्लीपर कोच के टॉयलेट में एक यात्री का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 12151 के एस-7 कोच के टॉयलेट का दरवाजा काफी देर तक बंद रहा। यात्रियों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद टीटीई को सूचना दी गई और रेलवे कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया। चक्रधरपुर स्टेशन पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम ने टॉयलेट का दरवाजा खुलवाया, जहां यात्री गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला।

रेलवे कर्मचारियों की मदद से शव को नीचे उतारा गया। रेलवे अस्पताल की चिकित्सक ने जांच के बाद यात्री को मृत घोषित कर दिया। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement