उत्तर प्रदेश: वाराणसी एयर शो में गरजेंगे तेजस, राफेल और सुखोई, गंगा के ऊपर दिखेगा वायुसेना का दम

उत्तर प्रदेश: वाराणसी एयर शो में गरजेंगे तेजस, राफेल और सुखोई, गंगा के ऊपर दिखेगा वायुसेना का दम

भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी में तीन दिवसीय एयर शो का आगाज आज 22 अक्टूबर से हो रहा है। नमो घाट के आसपास आयोजित इस कार्यक्रम में तेजस, राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, जगुआर, मिग-29 समेत कई लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर हवाई करतब दिखाएंगे। ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर होने वाले इस आयोजन में गंगा के ऊपर विमानों की रोमांचक उड़ानें दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

एयर शो की तैयारियों के तहत अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया, जिसमें लड़ाकू विमानों की तेज उड़ान और हेलीकॉप्टरों के प्रदर्शन ने लोगों को रोमांचित किया। कार्यक्रम में सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम, सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम और विभिन्न सैन्य विमानों के विशेष फॉर्मेशन देखने को मिलेंगे। तिरंगे के रंगों से आसमान सजाने के साथ सेना के जवानों के हवाई कौशल और तीनों सेनाओं के समन्वय का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम को देखते हुए वाराणसी और चंदौली प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। घाटों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे और वॉच टावर लगाए गए हैं, जबकि चिकित्सा सहायता के लिए शिविरों और अस्पतालों में अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। एयर शो 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होना है। दर्शकों को प्रशासन की ओर से जारी यातायात निर्देशों और सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement