उत्तर प्रदेश: गोरखपुर हादसे पर अखिलेश ने जारी किया वीडियो, योगी के आरोपों पर दी सफाई
गोरखपुर में बैकहो लोडर की चपेट में आने से किशोर की मौत के मामले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल के वीडियो में न रोड शो दिखाई दे रहा है और न ही रैली, इसके बावजूद बिना सबूत आरोप लगाए जा रहे हैं। अखिलेश ने इसे निम्नस्तरीय राजनीति करार दिया।
अखिलेश यादव ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि पार्टी के लोगों को परिजनों से मिलकर हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। अखिलेश ने कहा कि मासूम की मौत को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा बनाना परिवार के दुख के साथ अन्याय है। बच्चे को खोने का दर्द केवल उसके परिजन ही समझ सकते हैं।




