छत्तीसगढ़: 53 वर्षीय बनलता ने तालाब में कूदकर बचाई दो किशोरों की जान
रायपुर में विसर्जन के दौरान कांदुल तालाब में दो किशोर डूबने लगे। तालाब किनारे डीजे और बैंड-बाजे के शोर के बीच किसी का ध्यान उनकी ओर नहीं गया। इसी दौरान 53 वर्षीय बनलता शुक्ला ने बच्चों को डूबते देखा और उन्हें बचाने के लिए खुद तालाब में छलांग लगा दी।
बनलता ने स्थानीय लोगों की मदद से 12 वर्षीय तुषार साहू और 17 वर्षीय लक्की साहू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों संतोषी नगर क्षेत्र के हनुमान नगर के निवासी हैं। बनलता बुधवार रात बोरिया रोड स्थित कांदुल तालाब में विसर्जन देखने पहुंची थीं। जब उन्होंने लोगों से मदद की गुहार लगाई और कोई आगे नहीं आया, तो उन्होंने खुद बच्चों को बचाने का फैसला किया।
बनलता ने बताया कि उन्हें बचपन से तैरना आता है और उन्होंने मुश्किल परिस्थिति में सूझबूझ से काम लिया। उन्होंने बड़े किशोर लक्की का हाथ पकड़कर बाहर निकालने की कोशिश की, जबकि लक्की ने तुषार का हाथ थाम रखा था। इसके बाद तालाब किनारे मौजूद अन्य लोग भी मदद के लिए आगे आए और सामूहिक प्रयास से दोनों की जान बच गई।




