छत्तीसगढ़: बलौदाबाजार में बस-ट्रक की टक्कर, तीन की मौत और 8 से 10 घायल
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। अंबिकापुर से रायपुर जा रही एक निजी बस सिमगा थाना क्षेत्र के दारचुरा गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। बस में लगभग 22 यात्री सवार थे। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 यात्री घायल बताए गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था और उसके आसपास वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए ट्रैफिक कोन लगाए गए थे। आशंका है कि बस चालक इन चेतावनी संकेतों को नहीं देख पाया, जिससे बस ट्रक से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू टीम ने बस में फंसे घायलों को गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से सिमगा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान सहित अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं।




