बिहार: बेतिया GMCH की तीसरी मंजिल से गिरकर मरीज की मौत, परिवार में छह बेटियां और 20 दिन का बेटा
बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (GMCH) में रविवार रात एक मरीज की तीसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बैरिया थाना क्षेत्र के तधवनंदपुर गांव निवासी 37 वर्षीय छठू पासवान के रूप में हुई है। वह शुक्रवार से अस्पताल के सी ब्लॉक स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती था। परिजनों के मुताबिक, उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
परिजनों ने बताया कि घटना की रात छठू अपने बड़े भाई और भतीजे के साथ वार्ड में था। खाना खाने के बाद बातचीत करते हुए उसने दोनों से आराम करने को कहा। रात करीब 12 बजे जब वे जागे तो छठू अपने बिस्तर पर नहीं मिला। इसी दौरान अस्पताल परिसर में किसी के गिरने की आवाज सुनाई दी। सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे तो एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा था। परिजनों ने उसकी पहचान छठू पासवान के रूप में की। तीसरी मंजिल से गिरने के कारण उसकी मौत हो गई।
छठू पासवान के परिवार में पत्नी माधुरी देवी और छह बेटियां हैं। करीब 20 दिन पहले ही उनके घर बेटे का जन्म हुआ था। परिवार में नवजात के आने की खुशियां अभी पूरी तरह मनाई भी नहीं गई थीं कि इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल में हुई इस घटना के कारणों की जांच से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।




