मध्य प्रदेश: धार में कार में लगी आग, चार युवकों की जिंदा जलकर मौत
मध्य प्रदेश के धार जिले में सोमवार को भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। जानकारी के मुताबिक, कार सवार युवक सांवरिया सेठ मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान फोरलेन पर कार का टायर फटने के बाद वाहन बेकाबू होकर पुलिया से नीचे जा गिरा। इसके बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान भीम (24), चेतन (21), आदित्य तिवारी (22) और अभिषेक सोलंकी (19) के रूप में हुई है। सभी धार जिले के सागौर क्षेत्र और आसपास के गांवों के निवासी बताए गए हैं। हादसे में तुषार मंडलोई (20) गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कार में आग तेजी से फैलने के कारण उसमें सवार युवकों को बचाने में मुश्किल हुई। हादसे ने मृतकों के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।




