छत्तीसगढ़: राज्योत्सव में 2 नवंबर को होगा एयर शो, पांच हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हवाई करतब
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में टीम की भागीदारी को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। मुलाकात के दौरान टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। सुबह 11 बजे से होने वाले इस प्रदर्शन में स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के जरिए पांच हेलीकॉप्टर आसमान में आकर्षक संरचनाएं और रोमांचक हवाई करतब दिखाएंगे। यह आयोजन राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।
सारंग टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में दो महिला पायलट, स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। इस एयर शो के जरिए दर्शकों को भारतीय वायु सेना की तकनीकी दक्षता, अनुशासन और समन्वय देखने का अवसर मिलेगा। साथ ही, यह प्रदर्शन युवाओं को विमानन और रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगा।




