छत्तीसगढ़: चलती कार पर स्टंट, तीन महिलाओं पर केस
छत्तीसगढ़ के कोरबा में सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए तीन महिलाओं ने चलती कार पर खतरनाक स्टंट किया। वीडियो में एक महिला कार के बोनट पर लेटी नजर आ रही है, जबकि दो अन्य महिलाएं दरवाजों पर लटककर डांस करती दिख रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
जानकारी के मुताबिक, महिलाओं ने गरबा की पोशाक पहनकर ‘जस्ट चील चील चील’ गाने पर यह वीडियो बनाया था। वीडियो में कार दुर्गा पंडाल की ओर जाने वाले मार्ग पर चलती दिखाई दे रही है। इस दौरान सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के अनुसार, इस मामले में वाहन मालिक और तीनों महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने ऐसे खतरनाक स्टंट को गंभीर बताते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए इस तरह जान जोखिम में डालना दूसरों के लिए भी खतरा बन सकता है।





