उत्तर प्रदेश: किसानों के खाते में आज आएगी पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त, मिलेंगे 2 हजार रुपये
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त शुक्रवार, 30 अक्टूबर को किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा से किस्त जारी करेंगे और किसानों को संबोधित भी करेंगे। अंबेडकरनगर जिले के करीब 3.64 लाख किसानों को इस किस्त का लाभ मिलने की उम्मीद है। पिछली किस्त के मुकाबले इस बार जिले में लगभग 14 हजार नए पात्र किसान जुड़े हैं।
योजना के तहत पात्र किसानों के खाते में 2,000 रुपये भेजे जाएंगे। किस्त का लाभ पाने के लिए ई-केवाईसी, फार्मर रजिस्ट्री, भूलेख सत्यापन और बैंक खाते का एनपीसीआई से लिंक होना जरूरी है। इनमें से कोई प्रक्रिया अधूरी रहने पर किसान की किस्त अटक सकती है। जिले में कृषि विभाग के पोर्टल पर 4.22 लाख से अधिक किसानों का पंजीकरण दर्ज है।
अगर खाते में किस्त नहीं पहुंचती है तो किसान सबसे पहले पीएम किसान पोर्टल पर जाकर अपना बेनिफिशियरी स्टेटस और भुगतान संबंधी जानकारी जांचें। ई-केवाईसी या भूमि सत्यापन में कमी होने पर उसे पूरा कराएं। समस्या दूर नहीं होने पर किसान कृषि विभाग के स्थानीय कार्यालय या संबंधित ब्लॉक के कृषि अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।




