वसुंधरा दीप न्यूज डेस्क
गोरखपुर के महुआपार निवासी सिपाही अभिषेक सिंह की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घर में बड़ी बहन अंकिता की शादी की तैयारियां चल रही थीं। करीब एक सप्ताह पहले अभिषेक ने अपनी बड़ी मां के साथ शादी की खरीदारी भी की थी। अचानक हुई मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
अभिषेक ने इंटर की पढ़ाई के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की थी और पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर चयनित हुआ था। नौकरी के साथ उसने लेखपाल भर्ती परीक्षा भी पास कर ली थी, जिससे परिवार को उसके बेहतर भविष्य की उम्मीद थी। बहन की शादी और अभिषेक की सफलता से घर में दोहरी खुशी का माहौल था।
घटना के बाद गांव में अभिषेक और थाने के प्रभारी के बीच अनबन की चर्चा भी सामने आई है। परिजनों ने एसपी जौनपुर से संबंधित थानेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और घटना के कारणों को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





