ऑस्ट्रेलिया: डेथ कैप मशरूम से तीन रिश्तेदारों की हत्या, महिला को बिना पैरोल आजीवन कारावास
ऑस्ट्रेलिया में रिश्तेदारों को जहरीले ‘डेथ कैप’ मशरूम खिलाकर हत्या करने वाली एरिन पैटरसन को अदालत से बड़ा झटका लगा है। विक्टोरिया कोर्ट ऑफ अपील ने उसकी याचिका खारिज करते हुए आजीवन कारावास की सजा बरकरार रखी है। अदालत ने अपराध को बेहद बेरहम और सोची-समझी साजिश करार दिया। अब महिला को बिना पैरोल के जीवनभर जेल में रहना होगा।
मामला जुलाई 2023 का है, जब एरिन पैटरसन ने ग्रामीण विक्टोरिया स्थित अपने घर पर चार मेहमानों को दोपहर के भोजन पर बुलाया था। उसने उन्हें बीफ वेलिंगटन परोसा, जिसमें जहरीले डेथ कैप मशरूम मिलाए गए थे। खाना खाने के कुछ घंटों बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई। इस घटना में उसके पति के माता-पिता डॉन और गेल पैटरसन तथा गेल की बहन हीथर विल्किंसन की मौत हो गई। हीथर के पति इयान विल्किंसन कई सप्ताह अस्पताल में रहने के बाद बच गए।
पैटरसन ने अदालत में दावा किया था कि मशरूम गलती से खाने में शामिल हो गए थे, लेकिन जूरी ने उसकी दलील स्वीकार नहीं की। जुलाई 2025 में उसे हत्या का दोषी ठहराया गया और सितंबर में सजा सुनाई गई। इसके बाद उसने फैसले के खिलाफ अपील की थी। हालांकि, मेलबर्न की तीन जजों की पीठ ने अपील के सभी सात आधार खारिज कर दिए। अदालत ने माना कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए बिना पैरोल की सजा उचित है।




