उत्तर प्रदेश: गोरखपुर से भाजपा का 2027 चुनावी शंखनाद, नितिन नवीन ने दिया जीत का ‘नवीन सूत्र’
गोरखपुर में भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति तेज कर दी है। दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। उन्होंने करीब 10 साल से संगठन में पद और जिम्मेदारी से दूर चल रहे पुराने नेताओं को दोबारा सक्रिय करने और उनके अनुभव का लाभ उठाने पर जोर दिया। उनका संदेश साफ था कि चुनावी मैदान में अतीत के अनुभव और वर्तमान की ऊर्जा को साथ लेकर चलना होगा।
नितिन नवीन ने पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्टी के अंदर मतभेद और मनमुटाव को कमरे के भीतर सुलझाया जाए और सार्वजनिक मंचों पर सभी नेता एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के सम्मान को संगठन की मजबूती का आधार बताते हुए कहा कि उनकी बातें ध्यान से सुनी जाएं, उनके साथ बैठकर भोजन किया जाए और शिकायतों का समाधान कर उन्हें संगठन के काम में लगाया जाए।
भाजपा अध्यक्ष ने निष्क्रिय पदाधिकारियों को भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में जिम्मेदारी सक्रियता और काम के आधार पर मिलेगी। जो कार्यकर्ता लगातार निष्क्रिय रहेंगे, उनकी जानकारी संगठन तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी में पुराने और वरिष्ठ नेताओं का अनुभव अनमोल है। सभी पदाधिकारी अंतिम कार्यकर्ता तक पहुंचें और मनसा, वाचा और कर्मणा के साथ 2027 में जीत के लिए जुट जाएं।




