उत्तर प्रदेश: अंबेडकरनगर में पशुपालन को बढ़ावा देने की पहल, 200 पशुपालकों को मिलेगा प्रशिक्षण
अंबेडकरनगर में पशुपालन को अधिक लाभकारी और रोजगारपरक बनाने के लिए पशुपालन विभाग विशेष प्रशिक्षण अभियान शुरू करने जा रहा है। यह अभियान 17 से 30 नवंबर तक जिले के सभी ब्लॉकों में आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक ब्लॉक में 200 पशुपालकों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशिक्षण के माध्यम से पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनकी आय बढ़ाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
विकास भवन सभागार में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रशिक्षण एवं प्रसार योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नंद बाबा दुग्ध मिशन की नंदिनी और मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना तथा राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत बकरी पालन, सूकर पालन और पशुधन बीमा योजना की जानकारी दी गई। इसके साथ ही कृत्रिम गर्भाधान, नस्ल सुधार, टीकाकरण, संतुलित पशु आहार और पशुओं में बांझपन की समस्या के समाधान पर भी चर्चा हुई।
प्रशिक्षण में उत्तर प्रदेश कुक्कुट विकास नीति-2022 के तहत मुर्गी पालन और अंडा उत्पादन को बढ़ावा देने की संभावनाओं के बारे में बताया गया। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार चक्रवर्ती ने भारत पशुधन एप के उपयोग की जानकारी देते हुए पैरावेट्स और पशु मित्रों को कृत्रिम गर्भाधान व टीकाकरण का विवरण एप पर अपलोड करने की प्रक्रिया समझाई। विभाग का उद्देश्य पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और नस्ल सुधार की जानकारी देकर पशुपालन को आय का मजबूत जरिया बनाना है।




