डीपीएस रुद्रपुर में प्रदेश की सबसे बड़ी सब जूनियर बैडमिंटन चैम्पियनशिप का आगाज, सैकड़ों खिलाड़ी दिखा रहे दम
रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रुद्रपुर में योनैक्स–सनराइज 25वीं उत्तराखण्ड राज्य सब जूनियर बैडमिंटन चैम्पियनशिप 2026 का भव्य शुभारम्भ हुआ। 2 से 6 नवंबर तक आयोजित इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के सैकड़ों खिलाड़ी अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता का शुभारम्भ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल पदक जीतने का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर डीपीएस रुद्रपुर के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष पुष्कर राज जैन और सचिव विष्णु सक्सेना सहित खेल अधिकारी, कोच, अभिभावक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
आयोजन में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में प्रदेश के उभरते बैडमिंटन खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों के अनुसार इस चैम्पियनशिप का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश में बैडमिंटन खेल को बढ़ावा देना है।




