रुद्रपुर में भजन संध्या की धूम, रितेश मनोचा और अमन सांवरिया के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
रुद्रपुर। राम पार्क में आयोजित स्वदेशी दिवाली मेले की चौथी शाम भक्ति के नाम रही। भजन गायक रितेश मनोचा और अमन सांवरिया की शानदार प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। पूरा पंडाल जय श्रीराम और राधे-राधे के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा विक्रमजीत सिंह लाल महाराज ने किया। इस दौरान महापौर विकास शर्मा ने कहा कि स्वदेशी मेला स्थानीय व्यापारियों को मंच देने के साथ शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का प्रयास है।
बाबा विक्रमजीत सिंह ने महापौर की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।
कार्यक्रम में कलाकारों और अतिथियों को सम्मानित किया गया। समाजसेवी गौरव जुयाल का जन्मदिन भी मनाया गया। शनिवार को मेले में कवि सम्मेलन और डीजे बैंड की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेंगे।




