छत्तीसगढ़: नाबालिगों को वाहन देना पड़ा भारी, 54 अभिभावकों पर कार्रवाई
बिलासपुर में नाबालिगों द्वारा दोपहिया और चारपहिया वाहन चलाने का मामला गंभीर होता जा रहा है। कम उम्र और ड्राइविंग अनुभव की कमी के चलते किशोरों की जान के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। इसके बावजूद कई अभिभावक घरेलू कामों और स्कूल-कॉलेज आने-जाने के लिए बच्चों को वाहन दे रहे हैं।
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 10 महीनों में नाबालिगों को वाहन चलाते पकड़े जाने पर 54 अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। नियमों के अनुसार, निर्धारित उम्र पूरी किए बिना और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के अभाव में वाहन चलाना कानूनी अपराध है। ऐसे मामलों में अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई का प्रावधान है।
स्कूल प्रबंधन की ओर से भी विद्यार्थियों को वाहन लेकर आने से मना किया गया है, लेकिन कई किशोर आसपास की गलियों में वाहन खड़े कर स्कूल पहुंच रहे हैं। सड़क सुरक्षा से जुड़े जानकारों ने अभिभावकों से बच्चों को वाहन न देने और उनकी जिम्मेदारी समझने की अपील की है।




