अमेरिका: ट्रंप की नीतियों का असर, भारतीय छात्रों की संख्या 6.5% घटी
अमेरिका में पढ़ाई करने वाले भारतीय छात्रों की संख्या 2025-26 के शैक्षणिक वर्ष में 6.5 प्रतिशत घट गई है। ओपन डोर्स रिपोर्ट के अनुसार, 2024-25 में अमेरिकी विश्वविद्यालयों में 3,63,019 भारतीय छात्र नामांकित थे, जबकि 2025-26 में यह संख्या घटकर 3,39,435 रह गई। इसके बावजूद भारत लगातार तीसरे वर्ष अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्रों का सबसे बड़ा स्रोत बना रहा।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय छात्रों के स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकन में 34 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह घटकर 1,16,609 रह गया। वहीं, ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (ओपीटी) में शामिल भारतीय छात्रों की संख्या 27 प्रतिशत बढ़कर 1,82,201 हो गई। रिपोर्ट में इस गिरावट के बीच ट्रंप प्रशासन की सख्त आव्रजन नीतियों को भी प्रमुख वजह बताया गया है।
2025-26 में 200 से अधिक देशों के कुल 11,46,163 अंतरराष्ट्रीय छात्रों ने अमेरिका के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ाई की, जो पिछले शैक्षणिक वर्ष के मुकाबले तीन प्रतिशत कम है। रिपोर्ट के अनुसार, विदेशी छात्रों ने वर्ष 2025 में अमेरिकी अर्थव्यवस्था में करीब 56 अरब डॉलर का योगदान दिया। वहीं, ओपीटी कार्यक्रम में शामिल प्रत्येक छात्र के लिए संस्थानों से 70 हजार डॉलर शुल्क लेने का प्रस्ताव भी चर्चा में है।




