राजस्थान: चुनाव हारने के बाद हिंसा, पोलिंग टीम पर हमला; मजिस्ट्रेट की कार जलाई
बांसवाड़ा जिले की बावड़ी निनामा ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद हिंसा भड़क गई। चुनाव हारने वाले प्रत्याशी ललित कुमार के समर्थकों ने सोमवार रात पोलिंग पार्टी पर हमला कर दिया। ललित कुमार 32 वोटों से चुनाव हार गए थे। हमले में कई चुनावकर्मी घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, आक्रोशित भीड़ ने पथराव और मारपीट की। इस दौरान जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी में आग लगा दी गई, जिससे वाहन पूरी तरह जल गया। घटना छोटी सरवा पंचायत समिति क्षेत्र की है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर किया और हिंसा व आगजनी में शामिल होने के संदेह में कई लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।




