# **स्कूली वाहनों पर परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, 88 चालान और 15 वाहन सीज, नियमों की अनदेखी करने वालों में मचा हड़कंप**
**रुद्रपुर।** स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूली एवं यात्री वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। परिवहन आयुक्त, उत्तराखंड के निर्देशों और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के आदेशों के क्रम में 16 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक प्रदेशव्यापी विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रुद्रपुर क्षेत्र में परिवहन विभाग, विधिक सेवा प्राधिकरण और पुलिस की संयुक्त टीमों ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच कर बड़ी कार्रवाई की।
मंगलवार, 17 नवंबर को परिवहन कर अधिकारी आशुतोष डिमरी, आनंद प्रकाश गुप्ता, तारकेन्द्र वैष्णव एवं मुकुल अग्रवाल के नेतृत्व में प्रवर्तन टीमों ने स्कूल बसों, स्कूल वैन, स्कूल कैब और यात्री वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, परमिट और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता को बारीकी से परखा गया। जांच के दौरान विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं सामने आने पर कुल 88 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं के चलते 15 वाहनों को सीज कर दिया गया।
**बिना लाइसेंस के 22 और बिना टैक्स के 25 वाहनों पर कार्रवाई**
चेकिंग अभियान के दौरान सबसे अधिक मामले बिना टैक्स और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के सामने आए। विभागीय कार्रवाई के तहत बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के 22 वाहनों तथा बिना टैक्स के 25 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा बिना वैध बीमा के 10, बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के 8, बिना सीसीटीवी कैमरे के 5, बिना अग्निशमन यंत्र के 5, बिना परमिट के 3 और बिना फर्स्ट एड बॉक्स के 2 वाहनों के चालान किए गए। वहीं ओवरलोडिंग और मोटर वाहन अधिनियम के अन्य प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।
**स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर**
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीमों ने स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मानकों को प्राथमिकता दी। स्कूल बसों, वैन और कैब में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटिका, वाहन की तकनीकी फिटनेस और चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। विभाग का विशेष जोर इस बात पर है कि स्कूली वाहनों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो और बच्चों को असुरक्षित वाहनों में सफर न करना पड़े।
**22 नवंबर तक जारी रहेगा विशेष अभियान**
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन स्वामियों, संचालकों और चालकों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज अपडेट रखें और सुरक्षा उपकरणों की अनिवार्य उपलब्धता सुनिश्चित करें।
विभाग ने साफ किया है कि यह अभियान केवल औपचारिक जांच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




