# उत्तराखंड में 6 IAS अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल, नितेश झा से पंचायती राज विभाग वापस, सी. रविशंकर को सैनिक कल्याण की जिम्मेदारी
**देहरादून।** उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए छह आईएएस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से 17 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के तहत कई अधिकारियों से अतिरिक्त जिम्मेदारियां वापस ली गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को नए विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार आईएएस अधिकारी नितेश कुमार झा से सचिव, पंचायती राज विभाग का दायित्व वापस लिया गया है। उनके पास सचिव शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी बनी रहेगी।
वहीं आईएएस सी. रविशंकर को सचिव, सैनिक कल्याण विभाग की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले यह जिम्मेदारी आईएएस युगल किशोर पंत के पास थी। युगल किशोर पंत को सैनिक कल्याण विभाग के दायित्व से मुक्त कर दिया गया है। उनके पास संस्कृति और सचिवालय प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी के साथ महानिदेशक संस्कृति का पदभार बना रहेगा।
इसी क्रम में आईएएस उमेश नारायण पाण्डेय को सचिव, पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्तमान में उनके पास पुनर्गठन और भाषा विभाग के सचिव के साथ उत्तराखंड सामाजिक अंकेक्षण जवाबदेही एवं पारदर्शिता अभिकरण (USAATA) के निदेशक का दायित्व है।
आईएएस विनीत कुमार को निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं आईएएस दीप्ति सिंह को इन दोनों पदों के दायित्व से मुक्त कर दिया गया है। उनके पास खेल एवं युवा कल्याण निदेशक की जिम्मेदारी बनी रहेगी।
शासन की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन दायित्वों का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।




