इंदिरा गांधी की जयंती पर रुद्रपुर में कांग्रेसियों ने किया नमन, महानगर अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने गिनाईं पूर्व प्रधानमंत्री की ऐतिहासिक उपलब्धियां
रुद्रपुर। देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेसियों ने गांधी पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने इंदिरा गांधी के साहसिक फैसलों, देश के विकास में उनके योगदान और आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी गांधी पार्क पहुंचे। ममता रानी ने कहा कि इंदिरा गांधी देश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई ऐसे ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय लिए, जिनकी पूरी दुनिया में सराहना हुई। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में पाकिस्तान के करीब 93 हजार सैनिकों ने भारतीय सेना के सामने आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद बांग्लादेश का गठन हुआ। यह विश्व इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं में शामिल है। इसी साहसिक नेतृत्व के चलते इंदिरा गांधी को पूरी दुनिया में आयरन लेडी के नाम से पहचान मिली। उस समय विपक्ष के नेता रहे अटल बिहारी वाजपेयी ने भी उनके नेतृत्व की प्रशंसा की थी।
ममता रानी ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश के विकास को नई दिशा दी और भारत को प्रगतिशील देशों की कतार में खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की विचारधारा पर काम करती रही है। इंदिरा गांधी करोड़ों देशवासियों की मार्गदर्शक रही हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस दौरान गोपाल भसीन, रणजीत राणा, उमा सरकार, प्रीति साना, आजम खान, विकास विश्वास, अमान खान, सुभाष राय, सुनील चुग, कैलाश चंद, संजय ठुकराल, संजय आइस, करीम अहमद, मोहन भारद्वाज, करण गंगवार, अमन खान, मोहम्मद इकराम, राधेश्याम बंसल, कमर खान, निसार अहमद, सुनील जड़वानी, भूपेश सोनी, अबरार अहमद, अशफाक अंसारी, जगदीश दास, केरू मंडल, प्रवेश कोली, शेखर गुप्ता, एडवोकेट इंद्रजीत बिट्टा, परवेज कुरैशी, बाबू विश्वकर्मा, शुभम दास, बाबू खान, अरशद खान, हिम्मत राम कोली, फैज राज खान और जमुना प्रसाद कोली सहित तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।




