# **ऑपरेशन प्रहार के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आपसी विवाद और मकान बंटवारे को लेकर भिड़े छह लोग गिरफ्तार**
**रुद्रपुर।** वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में आपसी विवाद के दौरान शांति भंग करने और मारपीट पर आमादा छह लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की संबंधित धाराओं में चालानी रिपोर्ट तैयार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर की रात डायल 112 पर संजयनगर निवासी प्रभास मिस्त्री ने सूचना दी कि वह अपनी पत्नी के साथ घर जा रहा था, तभी कुछ युवक उसके साथ गाली-गलौज कर रहे हैं। सूचना मिलते ही रात्रि अधिकारी और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। वहां बाबू सरदार और शिवा सरदार एक पक्ष में, जबकि प्रभास मिस्त्री और करन मिस्त्री दूसरे पक्ष में मौजूद थे। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए विवाद कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शांत होने के बजाय और उत्तेजित हो गए तथा पुलिस के सामने ही शोर-शराबा करते हुए मारपीट पर आमादा हो गए। स्थिति बिगड़ने और अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने चारों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, दूसरे मामले में ट्रांजिट कैंप के वार्ड नंबर सात निवासी दो सगे भाइयों मोनू कुमार और विनोद कुमार के बीच मकान के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों भाइयों के बीच कहासुनी बढ़ने के बाद मामला मारपीट तक पहुंचने की आशंका बन गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और उत्तेजित होकर शोर-शराबा करते हुए आमादा फौजदारी हो गए। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए दोनों भाइयों को भी धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने सभी छह आरोपियों के विरुद्ध धारा 126/135/135(3)/170 बीएनएसएस के तहत चालानी रिपोर्ट प्रेषित कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।
**गिरफ्तार किए गए आरोपी**
1. बाबू सरदार (55 वर्ष), निवासी गोविंद मंदिर मछली मार्केट, ट्रांजिट कैंप।
2. शिवा सरदार (21 वर्ष), निवासी गोविंद मंदिर मछली मार्केट, ट्रांजिट कैंप।
3. प्रभास मिस्त्री (28 वर्ष), निवासी संजयनगर खेड़ा, ट्रांजिट कैंप।
4. करन मिस्त्री (25 वर्ष), निवासी संजयनगर खेड़ा, ट्रांजिट कैंप।
5. मोनू कुमार (34 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर सात, ट्रांजिट कैंप।
6. विनोद कुमार (28 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर सात, ट्रांजिट कैंप।
**पुलिस टीम में शामिल रहे**
उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, अपर उपनिरीक्षक हदेश परिहार, कांस्टेबल जगमोहन गौड़, कांस्टेबल सुरेन्द्र रावत और कांस्टेबल दीपक जोशी।




