गोवा: 57वें इफ्फी का भव्य आगाज, नेटफ्लिक्स और वेव्स फिल्म बाजार की साझेदारी बनी खास आकर्षण

गोवा: 57वें इफ्फी का भव्य आगाज, नेटफ्लिक्स और वेव्स फिल्म बाजार की साझेदारी बनी खास आकर्षण

गोवा में 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) का आगाज हो गया है। इस साल महोत्सव की थीम ‘सीमाओं से परे कहानियां’ रखी गई है। इसमें दुनियाभर के सिनेमा, अलग-अलग संस्कृतियों और भाषाओं की कहानियों को एक मंच पर लाने की कोशिश की जा रही है। फिल्म निर्देशक आशुतोष गोवारिकर के अनुसार, सिनेमा भाषा और भौगोलिक सीमाओं से परे लोगों को भावनाओं के जरिए जोड़ने की ताकत रखता है।

इस बार महोत्सव में ब्रिक्स देशों की फिल्मों को विशेष स्थान दिया गया है। इसके तहत 21 फिल्मों का खास पैकेज तैयार किया गया है, जिसमें आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘आर्टिकल 370’ भी शामिल है। वहीं, वेव्स फिल्म बाजार और नेटफ्लिक्स की साझेदारी भी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण बनी हुई है। महोत्सव में पुरस्कार विजेता फिल्मों के प्रदर्शन के साथ युवा फिल्म निर्माताओं और नई प्रतिभाओं को भी मंच मिलेगा।

इफ्फी की शुरुआत वर्ष 1952 में मुंबई से हुई थी। वर्ष 1965 में इसे प्रतियोगी स्वरूप दिया गया और गोल्डन पीकॉक पुरस्कार की शुरुआत हुई। वर्ष 2004 में पहली बार गोवा में आयोजन के बाद इसे स्थायी आयोजन स्थल बना दिया गया। इस बार भी महोत्सव के जरिए भारतीय सिनेमा की विरासत, क्षेत्रीय फिल्मों और अंतरराष्ट्रीय फिल्म उद्योग के बीच सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement