पाकिस्तान: बलूचिस्तान में सेना पर बड़ा हमला, BLA का 20 जवानों को मारने का दावा
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तानी सेना पर कई बड़े हमलों का मामला सामने आया है। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने अलग-अलग सैन्य अभियानों में 20 पाकिस्तानी सैनिकों और कथित सहयोगियों को मार गिराया है। संगठन की ओर से सोमवार को जारी बयान में बताया गया कि 21 नवंबर को नुश्की के हझदा खोल इलाके में पाकिस्तानी सेना के 93 विंग कैंप को निशाना बनाया गया था। इस हमले में संगठन की हवाई इकाई QAHR और फतेह स्क्वॉड शामिल थे। BLA के मुताबिक, हमले में ड्रोन और अन्य हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें आठ सैनिक मारे गए और सात घायल हुए।
BLA ने दावा किया कि नुश्की इलाके में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने के लिए कुल 11 ड्रोन हमले किए गए। इसके अलावा रेको और हारूनी में सैन्य काफिलों पर भी हमले किए गए, जिनमें पांच सैनिकों के मारे जाने और कई अन्य के घायल होने का दावा किया गया है। संगठन के मुताबिक, जरीन जंगल में एक पुल को विस्फोट से उड़ा दिया गया, जिससे पाकिस्तानी सेना को अतिरिक्त सैन्य बल भेजने में परेशानी हुई। वहीं मस्तुंग के गुरगिना इलाके में भी पाकिस्तानी सैनिकों को निशाना बनाया गया। यहां आईईडी हमले और तीन अलग-अलग स्थानों पर सशस्त्र हमलों में पांच जवानों के मारे जाने का दावा किया गया है।
संगठन ने 22 नवंबर को चगाई जिले के तालो बर्तगजी इलाके में क्वेटा-ताफतान व्यापार मार्ग को रोकने और वाहनों की तलाशी लेने की जिम्मेदारी भी ली है। BLA ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तानी सेना और उसके ठिकानों के खिलाफ उसके अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इस बीच बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने भी 2 से 21 नवंबर के बीच चलाए गए 21 अभियानों में 36 पाकिस्तानी सैन्य कर्मियों को मारने का दावा किया है। हालांकि, इन हमलों और हताहतों की संख्या की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल बलूचिस्तान में लगातार हो रहे हमलों से पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।




