सीएम धामी का दिल्ली दौरा मंत्रियों के लिए बन सकता है आफत, गृह मंत्री शाह को सौपेंगे मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड

देहरादून। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिल्ली दौरे से उत्तराखंड में सियासी हलचल तेज हो गई है। सूत्रों की मानें तो सीएम धामी आज गृह मंत्री अमित शाह को कैबिनेट मंत्रियों की रिपोर्ट कार्ड देंगे। इसके अलावा, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) पेपर लीक, विधानसभा बैकडोर भर्ती पर भी फीडबैक देंगे।
सूत्रों की बात मानें, पार्टी हाईकमान की हामी के बाद सीएम धामी कुछ बड़ा एक्शन ले सकते हैं और कुछ कैबिनेट मंत्रियों की जगह नए चेहरे को मौका दे सकते हैं। उत्तराखंड में सत्ता के गलियारों में सियासी हलचल फिर बढ़ गई है। माना जा रहा है भाजपा हाईकमान, उत्तराखंड सरकार के मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा कर सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आजकल दिल्ली दौरे पर हैं।
उनका यह दौरा पूर्व से प्रस्तावित था। सीएम को सोमवार को कुमाऊं दौरे के बाद दून लौटना था पर वे दिल्ली रवाना हो गए। मंगलवार को वे दिल्ली में भाजपा मुख्यालय गए। यहां उन्होंने राज्यसभा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी से भेंट की। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और महामंत्री संगठन बीएल संतोष दोनों दिल्ली से बाहर थे।
इसके चलते उनसे मुलाकात नहीं हो पाई। बाद में सीएम ने उत्तराखंड सदन में सचिव आर.मीनाक्षी सुंदरम के साथ किसाऊ बांध परियोजना को लेकर होने वाली बैठक की तैयारियों की समीक्षा की। सीएम के बुधवार शाम देहरादून वापस लौटने का कार्यक्रम है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement