-->

राजकुमार ठुकराल के विरोध के बाद बैरंग लौटी स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची बिजली विभाग की टीम

खबरे शेयर करे -

राजकुमार ठुकराल के विरोध के बाद बैरंग लौटी स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची बिजली विभाग की टीम

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के विवेक नगर में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध इतना बढ़ गया कि एसडीओ अनु मदान के नेतृत्व में पहुंची टीम को बिना मीटर लगाए ही वापस लौटना पड़ा। इस दौरान मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी लोगों का समर्थन करते हुए विभागीय अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को विद्युत विभाग की टीम विवेक नगर क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी। टीम के पहुंचते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और लोगों ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई।

विरोध की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने एसडीओ अनु मदान से कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने में समान नीति अपनाई जानी चाहिए। ठुकराल ने आरोप लगाया कि पहले भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और पूंजीपतियों के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएं, उसके बाद आम जनता के घरों में इन्हें लगाया जाए।

उन्होंने दावा किया कि कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों के घरों में पहले लगाए गए स्मार्ट मीटर बाद में हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का किसी भी हालत में उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ठुकराल ने कहा कि जनता के मन में स्मार्ट मीटर को लेकर कई तरह की आशंकाएं हैं और जब तक इन शंकाओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक लोगों पर जबरन स्मार्ट मीटर थोपना उचित नहीं है।

काफी देर तक चले विरोध और बहस के बाद विभागीय टीम को फिलहाल स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य रोककर वापस लौटना पड़ा।


खबरे शेयर करे -