बिहार: मुजफ्फरपुर में करंट से झुलसी छात्रा के परिजनों का हंगामा, स्कूल प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

बिहार: मुजफ्फरपुर में करंट से झुलसी छात्रा के परिजनों का हंगामा, स्कूल प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

बिहार के मुजफ्फरपुर में हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसी सातवीं कक्षा की छात्रा संध्या कुमारी के परिजनों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। अहियापुर चौक स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुए हादसे के बाद इलाज में लापरवाही और स्कूल प्रबंधन के कथित उदासीन रवैये से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इसके चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ।

परिजनों का आरोप है कि स्कूल की छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका यह भी कहना है कि हादसे के समय स्कूल में वाहन मौजूद होने के बावजूद घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाने में मदद नहीं मिली और गेट भी समय पर नहीं खोला गया। इसके बाद ग्रामीण उसे निजी ऑटो से श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) लेकर पहुंचे।

संध्या का एसकेएमसीएच के प्लास्टिक एंड बर्न सर्जरी विभाग में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई गई है। डॉक्टरों के अनुसार, करंट लगने से उसके हाथ की नसों और ऊतकों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। संक्रमण बढ़ने की स्थिति में उसका दाहिना हाथ काटने की आशंका जताई गई है। हादसे को लेकर परिजनों ने जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement