जनता को उजाड़े जाने की कार्यवाही पर कांग्रेस का हल्लाबोल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष माहरा के नेतृत्व में किच्छा तहसील में हुआ प्रदर्शन

किच्छा। प्रदेशभर में चल रहे अतिक्रमण अभियान के विरोध में विपक्ष का विरोध जारी है। जिसको लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की अगुवाई में किच्छा तहसील में अतिक्रमण चिन्हित किये जाने को लेकर विरोध किया गया। जिसमें जिलेभर के कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि प्रदेश सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। प्रशासन की कार्यवाही के जरिये प्रदेश सरकार असहाय व लंबे समय से निवास कर रहे लोगों को उजाड़ने का कार्य कर रही है। अफसरशाही बेलगाम हो चुकी है। प्रदेश सरकार के इशारे पर लोगों को उजाड़ा जा रहा है। एक ओर भाजपा सरकार के जन प्रतिनिधि मुख्यमंत्री से वार्ता कर अतिक्रमण न हटाये जाने का झूठा ढाढंस बंधा रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर प्रशासन के लोग अतिक्रमण को चिन्हित करने का कार्य कर रहे हैं, जो सरकार की दोहरी नीति और गुमराह करने की राजनीति को दर्शाता है। कहा कि जनता के हक के लिए कांग्रेस पार्टी हमेशा लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी जनता के हक के लिए लड़ाई लड़ी जायेगी। यदि प्रशासन इस कार्यवाही से बाज नहीं आया तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement