होली से पहले पौने छह हजार परिवहन निगम कर्मियों को धामी सरकार का तोहफा, मानदेय में वृद्धि का लिया निर्णय

वसुन्धरा दीप डेस्क, देहरादून। राज्य सरकार ने उत्तराखंड परिवहन निगम के तकरीबन पौने छह हजार कार्मिकों को होली का तोहफा देते हुए वेतन व मानदेय में वृद्धि का निर्णय लिया है। करीब पौने तीन हजार नियमित कार्मिकों के महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत की वृद्धि, जबकि करीब तीन हजार विशेष श्रेणी एवं संविदा कर्मियों के मासिक मानदेय में दस प्रतिशत वृद्धि की गई।
पर्वतीय मार्गों के लिए बीएस-6 श्रेणी की 100 नई बसें खरीदने का निर्णय लिया गया। बुधवार को अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में परिवहन निगम मुख्यालय में निगम की 33वीं बोर्ड बैठक में यह निर्णय लिए गए। दरअसल, जनवरी में परिवहन निगम संयुक्त मोर्चा की ओर से अनिश्चितकालीन हड़ताल के निर्णय के क्रम में परिवहन मंत्री चंदन रामदास की अध्यक्षता में हुई समझौता वार्ता के बाद निगम की बोर्ड बैठक प्रस्तावित थी। बैठक में सभी मामले संयुक्त मोर्चा की मांग और प्रबंधन की ओर से हुए समझौते से जुड़े हुए रहे। बैठक में राजकीय कर्मचारियों के समान परिवहन निगम में भी महंगाई भत्ता 34 से बढ़ाकर 38 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया। समस्त कार्मिकों का डाक विभाग के माध्यम से दुर्घटना बीमा कराने का भी निर्णय हुआ। जिसमें दुर्घटना में मृत्यु, पूर्ण विकलांग या स्थायी आंशिक विकलांग होने की दशा में संबंधित कार्मिक को बीमा के तहत दस लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा। बैठक में मकान किराया भत्ता (एचआरए) में भी वृद्धि का निर्णय हुआ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement