दिल्ली में DU भर्ती की डेट बढ़ी, 215 पदों पर अब 30 नवंबर तक मौका
दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने असिस्टेंट के 215 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले आवेदन की आखिरी तारीख 19 नवंबर 2026 निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 कर दिया गया है। ऐसे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री और दो साल का कार्य अनुभव होना जरूरी है। इसके अलावा हिंदी में 35 शब्द प्रति मिनट और अंग्रेजी में 30 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड होनी चाहिए। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 32 वर्ष निर्धारित की गई है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक परीक्षा में 200 अंकों के 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। गलत उत्तर देने पर नेगेटिव मार्किंग भी होगी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा, जो 200 अंकों की होगी। परीक्षा की तारीख फिलहाल घोषित नहीं की गई है। उम्मीदवारों को सलाह है कि अंतिम तिथि से पहले ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।




