



अवैध खनन और डंपर वसूली पर भड़के पूर्व विधायक, पुलिस पर निष्क्रियता का आरोपरुद्रपुर। जनपद उधमसिंह नगर में अवैध खनन और ओवरलोडेड डंपरों से कथित अवैध वसूली के मुद्दे ने तूल पकड़ लिया है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने इस पूरे मामले को गंभीरता से उठाते हुए एसएसपी और एसपी सिटी को विस्तृत ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी नेताओं के संरक्षण में डंपर चालकों से खुलेआम उगाही की जा रही है, जिससे पुलिस की छवि पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि जाफरपुर निवासी डंपर स्वामी रामसिंह ने 16 अप्रैल को रुद्रपुर कोतवाली में लिखित शिकायत दी थी, जिसमें विकास सागर नामक व्यक्ति पर पुलिस के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया गया।
ठुकराल ने कहा कि शिकायत और पर्याप्त साक्ष्य होने के बावजूद दो सप्ताह बीत जाने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, जो पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने यह भी कहा कि यह स्थिति राजनीतिक दबाव में पुलिस तंत्र के कमजोर पड़ने का संकेत देती है।
ज्ञापन में कुंडा थाना क्षेत्र के सुखवन्त सिंह आत्महत्या प्रकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने चेताया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो ऐसे मामले दोबारा सामने आ सकते हैं।
पूर्व विधायक ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर सख्त अभियान चलाने तथा दोषी पुलिसकर्मियों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे जनहित में धरना देने को बाध्य होंगे।

