पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए जनता को किया जागरूक

किच्छा:- बस्ती संपर्क अभियान कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने वार्ड 2 आजादनगर सुनहरा अनुसूचित बस्ती में जनसंपर्क कर केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए एवं उनके बारे में बस्ती वालों को बताते हुए जागरूक किया।

सर्वप्रथम आजादनगर सुनहरा पहुंचने पर वार्ड सभासद राजकुमार कोली एवं वरिष्ठ भाजपा नेता हीरा सरकार ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, बस्ती संपर्क अभियान प्रवासी कार्यकर्ता नेत्रपाल मौर्य एवं मंडल अध्यक्ष मनमोहन सक्सेना का बस्तीवासियों के साथ माल्यार्पण कर स्वागत किया।

आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि जनता ही हमारी ताकत है। जनता के लिए काम करना है, इसलिए जनभागीदारी से बड़े-बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनके जरिए जनता को बताना है कि उनके हित के लिए काम किए जा रहे हैं। जनता के बीच जाकर बताना है कि मोदी सरकार की योजनाओं से कैसे उनकी ताकत बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा समाज के भला के लिए हमेशा काम करने की है। हमारी कोशिश अंतिम व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाना है। कहा कि भाजपा ने उज्ज्वला योजना और 11 करोड़ शौचालय बनाकर महिला सशक्तिकरण के लिए काम किया। इसमें से 35 प्रतिशत शौचालय अनुसूचित जाति के लिए बने हैं। अन्य पार्टियों की योजनाओं में सिर्फ भ्रष्टाचार होता था। अब बिना किसी बिचौलिए के लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। किसानों के खाते में पैसे जा रहे हैं। 6.50 करोड़ लोगों के घरों में पानी पहुंच रहा है। इसमें भी 32 प्रतिशत अनुसूचित जाति के लोग हैं। पहले इंदिरा आवास योजना व अन्य के तहत देश में अधिकतम 20 लाख घर मिलते थे। अब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.70 करोड़ घर बन रहे हैं। आयुष्मान योजना सहित अन्य सभी योजनाओं का लाभ लेने वालों में 30 से 35 प्रतिशत अनुसूचित जाति के लोग हैं। बाबा साहब अंबेडकर से जुड़े स्थानों को पंच तीर्थ के रूप में मोदी ने विकसित किया।

कार्यक्रम को प्रवासी कार्यकर्ता नेत्रपाल मौर्य व मंडल अध्यक्ष मनमोहन सक्सेना ने भी संबोधित किया तथा संचालन मंडल महामंत्री मुकेश कोली ने किया। इस दौरान समस्त बस्ती वासी एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement