श्राद्ध पर कांग्रेस की टिप्पणी को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत ने जताया आक्रोश

श्राद्ध पर कांग्रेस की टिप्पणी को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत ने जताया आक्रोश

 

बोले- सनातन धर्म पर लगातार कटाक्ष कर रही कांग्रेस, जनता चुनाव में देगी जवाब

 

काशीपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत ने शनिवार को काशीपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस पर सनातन धर्म और धार्मिक परंपराओं को लेकर लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस के सोशल मीडिया पेज पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अपने दिवंगत पिता का श्राद्ध किए जाने को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। विकास भगत ने कहा कि सनातन धर्म में श्राद्ध एवं पितृ तर्पण जैसी परंपराओं का विशेष महत्व है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अपने पिता का श्राद्ध किया जाना धार्मिक एवं पारिवारिक परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा इस धार्मिक परंपरा को लेकर टिप्पणी किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर पहले भी सनातन धर्म और हिंदू धार्मिक परंपराओं को लेकर कटाक्ष करने के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के संबंध में कांग्रेस नेताओं द्वारा पूर्व में की गई कथित टिप्पणियों का भी उल्लेख किया और कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन धार्मिक आस्था और परिवार के सम्मान से जुड़े विषयों पर टिप्पणी नहीं होनी चाहिए।भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास भाजपा सरकार के विकास कार्यों का राजनीतिक स्तर पर मुकाबला करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह इस तरह के विषयों को लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा सनातन धर्म को लेकर की जा रही कथित टिप्पणियों का जवाब जनता आने वाले चुनाव में देगी।

विकास भगत ने प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में युवाओं के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक जैसी घटनाएं लगातार सामने आती थीं, जिससे युवाओं के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने नकल विरोधी कानून को सदन में पारित कराकर कानून का रूप दिया। इसके बाद प्रदेश में सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने दावा किया कि अब तक लगभग 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में भर्ती दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीरता से काम कर रही है और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि सरकार के विकास कार्यों और जनहित से जुड़े फैसलों के चलते कांग्रेस में कथित तौर पर बेचैनी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के विकास, युवाओं को रोजगार तथा जनहित के मुद्दों पर लगातार काम कर रही है। वहीं कांग्रेस को उन्होंने धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर राजनीति करने से बचने की नसीहत दी। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, क्षेत्रीय विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, जिला महामंत्री सुशील शर्मा, सृष्टि आहूजा बंसल, अमित मनचंदा, डॉ. गिरीश तिवारी, सर्वेश शर्मा, शशि सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement