डीपीएसआर मॉडल यूनाइटेड नेशंस 2026 का भव्य समापन

खबरे शेयर करे -

डीपीएसआर मॉडल यूनाइटेड नेशंस 2026 का भव्य समापन

उधम सिंह नगर, नैनीताल, हल्द्वानी, बिजनौर एवं आसपास के क्षेत्रों के 25 प्रतिष्ठित विद्यालयों के 700 से अधिक प्रतिनिधियों ने लिया भाग

रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर द्वारा आयोजित दो दिवसीय डीपीएसआर मॉडल यूनाइटेड नेशंस (DPSR MUN 2026) का भव्य समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। उधम सिंह नगर, नैनीताल, हल्द्वानी, बिजनौर एवं आसपास के क्षेत्रों के 25 प्रतिष्ठित विद्यालयों के 700 से अधिक प्रतिनिधियों ने सम्मेलन में भाग लेते हुए वैश्विक मुद्दों पर प्रभावशाली बहस, कूटनीति, नेतृत्व, सहयोग एवं नीति-निर्माण की उत्कृष्ट क्षमता का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह का शुभारम्भ विद्यालय के बैंड की मनमोहक प्रस्तुति से हुआ। इसके पश्चात डीपीएसआर एमयूएन 2026 की आफ्टर मूवी प्रदर्शित की गई, जिसमें दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान हुई बहसों, समितियों की कार्यवाही, नेतृत्व, टीमवर्क एवं प्रतिभागियों के अविस्मरणीय क्षणों को प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी (एसडीएम), बाजपुर डॉ. अमृता शर्मा रहीं। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री वी. बी. नैनवाल, श्री अरविंद मोंगा, श्री कपिल सचदेवा, श्री पी. सी. जोशी, श्री रजनीश एवं सहयोगी, डॉ. संजीव सुमन तथा श्री हरिंदर सिंह उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि डॉ. अमृता शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं में वैश्विक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, प्रभावी संवाद तथा उत्तरदायी नेतृत्व विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विविध विचारों का सम्मान करते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

विद्यालय के चेयरमैन श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन श्री हरमन सिंह ग्रोवर तथा प्रधानाचार्य श्री चेतन चौहान ने कहा कि डीपीएसआर एमयूएन केवल एक शैक्षणिक सम्मेलन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, कूटनीतिक सोच, नवाचार, टीमवर्क, आलोचनात्मक चिंतन, प्रभावी संचार तथा उत्तरदायी वैश्विक नागरिकता विकसित करने का सशक्त मंच है।

समारोह का सबसे आकर्षक क्षण पुरस्कार वितरण रहा। सम्मेलन के समग्र प्रदर्शन के मूल्यांकन में दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर का प्रतिनिधिमंडल सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए “बेस्ट डेलीगेशन अवॉर्ड” का प्रबल दावेदार रहा। किंतु सम्मेलन के मेज़बान (Host Institution) होने के कारण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं प्रतिस्पर्धा की गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यालय प्रबंधन ने इस सम्मान को स्वयं स्वीकार न करने का निर्णय लिया। परिणामस्वरूप यह प्रतिष्ठित “बेस्ट डेलीगेशन अवॉर्ड” इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी को प्रदान किया गया। वहीं “हाइएस्ट स्कूल डेलीगेशन अवॉर्ड” आर्यमान विक्रम बिड़ला स्कूल, हल्द्वानी को प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त यूएनएससी (UNSC), यूएनएचआरसी (UNHRC), विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO), यूनिसेफ (UNICEF), संयुक्त राष्ट्र महिला आयोग (UNCSW), विश्व व्यापार संगठन (WTO), एआईपीपीएम (AIPPM), रुद्रपुर अर्बन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट काउंसिल (RUPDC), जंगल बुक, सत्युग, शार्क टैंक, मूट कोर्ट, इंटरनेशनल प्रेस तथा आईपीएल ऑक्शन सहित कुल 17 समितियों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को बेस्ट डेलीगेट, हाई कमेंडेशन, स्पेशल मेंशन, बेस्ट बिगिनर, चेयर्स चॉइस, कमेटी चॉइस, ऑनरेबल मेंशन, बेस्ट टीम, रनर-अप तथा स्पेशल ज्यूरी जैसी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

विभिन्न समितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों ने ट्रॉफियाँ एवं पदक अपने नाम किए। सम्मेलन के दौरान सर्वश्रेष्ठ वक्तृत्व, कूटनीतिक कौशल, शोध क्षमता, नीति-निर्माण तथा नेतृत्व का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।

धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ दो दिवसीय डीपीएसआर एमयूएन 2026 का सफल समापन हुआ। यह सम्मेलन विद्यार्थियों के लिए केवल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं रहा, बल्कि नेतृत्व, संवाद, सहयोग, वैश्विक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास एवं उत्तरदायी नागरिकता के मूल्यों को विकसित करने का प्रेरणादायी अवसर सिद्ध हुआ।

“डीपीएसआर एमयूएन 2026 — आज संवाद, कल नेतृत्व और बेहतर विश्व की ओर एक सशक्त कदम।”

 

.


खबरे शेयर करे -