हल्द्वानी ब्लॉक प्रमुख रूपा देवी भाजपा छोड़ कांग्रेस में हुई शामिल

खबरे शेयर करे -

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने ब्लाक प्रमुख समेत 4 बीडीसी सदस्यों को दिलाई कांग्रेस की सदस्यता

लालकुआं। कांग्रेस पार्टी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लालकुआं विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद कांग्रेस का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को हल्द्वानी की ब्लाक प्रमुख रूपा देवी 4 डीडीसी सदस्यों के साथ भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री और लालकुआं से विधायक प्रत्याशी हरीश रावत ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
हल्दूचौड में आयोजित कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख रूपा देवी के साथ बीडीसी सदस्य गजेंद्र सामंत, दीपक आर्या, सुरेश कोहली तथा ममता कबडवाल ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। ब्लाक प्रमुख रूपा देवी के कांग्रेस में शामिल होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पूर्व मंत्री हरीश दुर्गापाल, पूर्व ब्लाक प्रमुख भोला दत्त भट्ट, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरेंद्र बोरा उनके आवास पहुंचकर सम्मानित किया। भावुक होते हुए ब्लाक प्रमुख रूपा देवी ने कहा कि भाजपा में दलित वर्ग का कोई सम्मान नहीं है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण यह कि यदि भाजपा में दलित वर्ग का सम्मान होता तो वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री यशपाल आर्य को छोड़कर नहीं आना पड़ता। उन्होंने कहा कि लालकुआं में कांग्रेस भारी मतों से जीतेगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि 5 साल तक सत्ता के मद में चूर रही भाजपा विकास कार्य तो दूर अपनों का अपमान करने में तुली रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर वर्ग का सम्मान करती है। ब्लाक प्रमुख रूपा देवी कांग्रेस में शामिल होने के बाद ग्राम प्रधानों और बीडीसी सदस्यों की बैठक में शामिल रहीं। इस मौके पर देवेश कबड्वाल आदि भी मौजूद रहे।


खबरे शेयर करे -

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *