एलडी भट्ट अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू, दवाइयों की नहीं कोई कमी: सीएमएस डॉ. चंद्रा पंत**

**एलडी भट्ट अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू, दवाइयों की नहीं कोई कमी: सीएमएस डॉ. चंद्रा पंत**

काशीपुर (उधम सिंह नगर)। एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अस्पताल प्रशासन लगातार प्रयासरत है। अस्पताल की नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. चंद्रा पंत ने मीडिया से बातचीत के दौरान अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, जांच व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता और अल्ट्रासाउंड सेवाओं को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है सीएमएस डॉ. चंद्रा पंत ने बताया कि एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में लगभग सभी प्रमुख विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से मरीजों को उपचार की सुविधा दी जा रही है। हालांकि अस्पताल में वर्तमान में एक हड्डी रोग विशेषज्ञ (ऑर्थोपेडिक सर्जन) की कमी है। इसके चलते हड्डी से संबंधित समस्याओं और उपचार के लिए आने वाले मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। इस कमी को दूर करने के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही अस्पताल में ऑर्थोपेडिक सर्जन की तैनाती के लिए सकारात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल की पैथोलॉजी लैब और ब्लड बैंक सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं। पैथोलॉजी लैब में मरीजों की आवश्यकतानुसार विभिन्न प्रकार की जांच की जा रही हैं, जिससे मरीजों को जांच के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। इसके अलावा अस्पताल परिसर में चंदन डायग्नोस्टिक्स की लैब भी संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से मरीजों को निशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और सामान्य मरीजों को काफी राहत मिल रही है अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता को लेकर सीएमएस ने स्पष्ट किया कि चिकित्सालय में पर्याप्त मात्रा में दवाइयों का स्टॉक मौजूद है। मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं और वर्तमान में किसी भी प्रकार की दवा की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन का प्रयास है कि मरीजों को उपचार के साथ-साथ जरूरी दवाइयां भी अस्पताल से ही उपलब्ध हो सकें, ताकि उन्हें बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ न उठाना पड़े। वहीं, अल्ट्रासाउंड सेवाओं को लेकर डॉ. चंद्रा पंत ने बताया कि अस्पताल में पहले नियमित रूप से अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी, लेकिन इसी माह अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट के सेवानिवृत्त हो जाने के कारण इस व्यवस्था में अस्थायी बदलाव करना पड़ा है। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल सप्ताह में दो दिन मंगलवार और बृहस्पतिवार को अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नए रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के लिए उच्चाधिकारियों को पत्राचार किया जा चुका है। जैसे ही अस्पताल में नए रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती होगी, अल्ट्रासाउंड सेवाओं को पुनः पूरे सप्ताह नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। सीएमएस डॉ. चंद्रा पंत ने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और चिकित्सा सुविधाओं का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनका प्रमुख उद्देश्य है। जिन व्यवस्थाओं में चिकित्सकों की कमी अथवा अन्य कारणों से अस्थायी बाधाएं आ रही हैं, उन्हें दूर करने के लिए संबंधित उच्चाधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement