**चंद्रावती तिवारी महाविद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित**
**नशा स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और भविष्य को करता है कमजोर, युवाओं को सही दिशा में ऊर्जा लगाने की जरूरत: डॉ. दीपिका आत्रेय**
**काशीपुर।** चंद्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय के निर्देशन में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वंदना सिंह ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान के शुभारंभ, उद्देश्य और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को नशे की बढ़ती समस्या, नशामुक्ति केंद्रों में उपलब्ध उपचार सुविधाओं तथा नशे से संबंधित सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलानी चाहिए। संगोष्ठी के दौरान एनएसएस स्वयंसेवी छात्राओं अक्षिता, स्नेहा वाल्मीकि, महिमा रानी, आरती शर्मा एवं काजल कश्यप ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने नशा मुक्त युवा और विकसित भारत की परिकल्पना, मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों, नशे की लत से छुटकारा पाने के उपायों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। छात्राओं ने कहा कि देश के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसके लिए उनका स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार होना आवश्यक है। कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल एक बुरी आदत नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और भविष्य को कमजोर करता है। मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। जब युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक कार्यों में लगाते हैं, तभी समाज और देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गीता मेहरा, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रमा अरोड़ा, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीपा चनियाल, डॉ. अंजलि गोस्वामी, डॉ. रंजना, श्रीमती शीतल अरोड़ा, डॉ. ज्योति गोयल, डॉ. पुष्पा धामा एवं श्रीमती कृति टंडन सहित महाविद्यालय की शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।




