शिक्षा मंत्री को हराने का मिथक बनेगा इतिहास, दोबारा लहरायेंगे परचम: शिक्षा मंत्री पांडे

रुद्रपुर। चुनाव आते देख मंत्री व विधायकों ने जनता से मेलजोल स्थापित करना शुरु कर दिया है। वहीं प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता कर चुनाव को लेकर माहौल बनाने की कोशिश की। मीडिया से मुखातिब होते हुए शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। इसके साथ ही शिक्षा विभाग द्वारा किये गए उत्कृष्ट कार्यों का भी उल्लेख किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि किसी को भी परिवारवाद की राजनीति नहीं करनी चाहिए। परिवार को आगे बढ़ा कर राजनीति करना अशोभनीय हैं, ऐसे लोगों का पतन निश्चित है। वहीं शिक्षा मंत्री के हारने के मिथक पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि गदरपुर की जनता एक बार फिर उन्हें जीताकर प्रदेश कैबिनेट में स्थान देगी और हारने के मिथक को अवश्य तोड़ा जायेगा। उन्होंने कहा शिक्षा विभाग को उद्योग विभाग बनाया जायेगा तो जनता क्यों विश्वास करेगी, लेकिन यदि शिक्षा की गुणवत्ता आदि पर काम किया जायेगा तो जनता जरुर समर्थन करेगी। प्रदेश सरकार ने शिक्षा की गुणवत्ता पर काम किया है, हड़ताल को खत्म करने का काम किया है, जिसका जागता प्रमाण है कि नीति आयोग ने शिक्षा की गुणवत्ता के लिए उत्तराखण्ड को चौथा स्थान दिया। प्रदेश के शिक्षा विभाग द्वारा आदर्श उत्कृष्ट विद्यालय बनाये गए व साथ ही अन्य कई सराहनीय कार्य भी किये हैं। कहा कि गदरपुर की जनता जागरुक है, जनता सब जानती है और देखते जायिए ये मिथक नहीं इतिहास बनेगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement