अंतरराष्ट्रीय: स्टारशील्ड में रुकावट से यूक्रेन के ड्रोन गिरे, तीन दिन रुके सैन्य अभियान

अंतरराष्ट्रीय: स्टारशील्ड में रुकावट से यूक्रेन के ड्रोन गिरे, तीन दिन रुके सैन्य अभियान

एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की सैन्य सैटेलाइट संचार सेवा स्टारशील्ड में आई रुकावट से यूक्रेन के ड्रोन अभियानों को बड़ा झटका लगने की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी सैन्य ठिकानों की ओर बढ़ रहे कई ड्रोन का वीडियो संपर्क टूट गया, जिसके बाद कुछ ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। यूक्रेनी सैन्य कमांडर के अनुसार, इस घटना में 10 लाख डॉलर से अधिक मूल्य के हथियारों का नुकसान हुआ।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कनेक्टिविटी की समस्या के कारण यूक्रेनी सैन्य इकाइयों को करीब तीन दिनों तक कई अभियान रोकने पड़े। इनमें रूसी कमांड पोस्ट और ईंधन केंद्रों को निशाना बनाने वाले हमले भी शामिल थे। यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि सेवा में सुधार हुआ है, लेकिन तेज गति से उड़ने वाले कुछ ड्रोन अब भी कनेक्टिविटी संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

स्टारशील्ड का इस्तेमाल यूक्रेनी सेना संचार और ड्रोन संचालन के लिए करती है। इस व्यवधान के बाद यूक्रेन वैकल्पिक संचार प्रणालियों की तलाश में जुटा है, ताकि भविष्य में सैन्य अभियानों पर इसका असर कम हो। रिपोर्ट में सेवा संबंधी समस्याओं को लेकर अमेरिकी प्रशासन के अलग-अलग बयानों का भी उल्लेख है, जबकि अमेरिकी अधिकारियों ने जानबूझकर सेवा बाधित करने के आरोपों से इनकार किया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement