ईरान: अराघची की ट्रंप को चेतावनी, दोबारा युद्ध हुआ तो भुगतने होंगे परिणाम
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की सैन्य कार्रवाई से जुड़ी धमकी पर पलटवार किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अराघची ने कहा कि पिछली बार जब अमेरिका ने ईरान को कमजोर करने की कोशिश की थी, तब ईरान और अधिक मजबूत होकर उभरा था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अमेरिका दोबारा अपनी किस्मत आजमाना चाहता है, तो उसे इसके परिणामों के लिए तैयार रहना चाहिए।
अराघची ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर भी आरोप लगाए। उनका दावा है कि नेतन्याहू अपने देश में चल रहे कानूनी मामलों से बचने के लिए अमेरिका को एक और सैन्य संघर्ष में खींचने की कोशिश कर रहे हैं। अराघची ने कहा कि नए युद्ध की कीमत इजरायल के साथ अमेरिका को भी चुकानी पड़ सकती है।
यह बयान ट्रंप की ओर से नेतन्याहू को सार्वजनिक समर्थन दिए जाने के बाद आया है। ट्रंप ने इजरायल के मतदाताओं से सही नेता चुनने की अपील करते हुए नेतन्याहू की तारीफ की और ईरान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ईरान ने अपना रवैया नहीं बदला, तो अमेरिका फिर से सैन्य कार्रवाई कर सकता है। फिलहाल दोनों देशों के बीच बयानबाजी से क्षेत्र में तनाव बढ़ने की आशंका बनी हुई है।





