पाकिस्तान: 200 साल पुराने रामलीला मंदिर को तोड़ने की कोशिश, विरोध के बाद सील
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान जिले में करीब 200 साल पुराने ऐतिहासिक रामलीला मंदिर को व्यावसायिक प्लाजा बनाने के लिए गिराने की कोशिश की गई। हिंदू समुदाय और नागरिक समाज के लोगों के विरोध के बाद स्थानीय प्रशासन ने मंदिर को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद इवेक्यू ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ईटीपीबी) ने मंदिर को सील कर दिया।
शहर के रहीम बाजार में मंदिर को तोड़ने की जानकारी मिलने पर स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और काम रुकवा दिया। डेरा सिविल सोसायटी और व्यापारी संघ के अध्यक्ष सोहेल अहमद आजमी के मुताबिक, एक व्यक्ति ने दावा किया था कि उसे मंदिर गिराने का ठेका मिला है। इसके बाद हिंदू समुदाय और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों ने संपत्ति के मालिकाना हक और वहां व्यावसायिक निर्माण की वैधता की जांच कराने की मांग उठाई।
रामलीला मंदिर डेरा इस्माइल खान की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत का हिस्सा है। इसे ईटीपीबी की ओर से सांस्कृतिक विरासत के रूप में चिह्नित करीब 400 इमारतों में शामिल बताया गया है। ऑल पाकिस्तान हिंदू राइट्स मूवमेंट के अध्यक्ष हारून सरब डायल ने धार्मिक स्थलों को सुरक्षा देने और वर्ष 2013 से 2026 के बीच धार्मिक संपत्तियों पर कथित अवैध कब्जों व बिक्री की जांच कराने की मांग की है।





