झारखंड: गढ़वा के अस्पतालों में लापरवाही के आरोप, डॉक्टर-कर्मचारी मिले गायब
झारखंड के गढ़वा जिले के रमकंडा में सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। सोमवार को जिला परिषद उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव और विधायक प्रतिनिधि ज्ञान रंजन पांडेय ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान आयुष चिकित्सक डॉ. रिजवाना फरहान अनुपस्थित मिलीं, जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी कई स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से गायब पाए गए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में ड्यूटी रोस्टर सार्वजनिक स्थान पर नहीं लगा मिला। पूछताछ में बताया गया कि स्वास्थ्यकर्मी व्हाट्सएप पर रोस्टर देखकर ड्यूटी पर आते हैं। जनप्रतिनिधियों ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि रोस्टर ऐसी जगह लगाया जाना चाहिए, जहां मरीज और उनके परिजन भी चिकित्सकों व कर्मचारियों की ड्यूटी का समय देख सकें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से व्यवस्था में सुधार की मांग की।
जिला परिषद उपाध्यक्ष ने ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और नियमानुसार वेतन रोकने की मांग की। उन्होंने अस्पताल में खराब पड़ी एंबुलेंस को जल्द ठीक कराने का मुद्दा भी उठाया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुविधा मिल सके। जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर धरना और अनशन किया जाएगा।




