वसुंधरा दीप न्यूज डेस्क
राष्ट्रीय अंडा समन्वय समिति (एनईसीसी) ने झारखंड में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की है। इसके तहत रांची, गुमला, लोहरदगा, बोकारो, पश्चिमी सिंहभूम और गोड्डा में 60 महिलाओं को एगकार्ट यानी अंडा बेचने के ठेले वितरित किए गए हैं। महिलाओं का चयन किसान उत्पाद संघ और स्वयं सहायता समूहों के जरिए किया गया है।
एनईसीसी के सीओओ ए कुमार के मुताबिक झारखंड के प्रत्येक जिले में 250 एगकार्ट बांटने की योजना है। अगले वित्तीय वर्ष में राज्य के सभी 24 जिलों में 25-25 एगकार्ट दिए जाने की योजना है। उन्होंने बताया कि पूरे देश में इस साल 2300 एगकार्ट वितरित किए गए हैं, जिस पर करीब 11 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
इस योजना से जुड़ी महिलाओं को एगकार्ट से होने वाली कमाई का कुछ हिस्सा बचाकर अपने समूह में देने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि दूसरी महिलाएं भी इस रोजगार से जुड़ सकें। बोकारो की एक महिला ने एगकार्ट से करीब छह महीने की कमाई के बाद जनरल स्टोर भी शुरू किया है। लाभुकों का चयन ग्रामसभा में आवेदन प्रक्रिया के बाद सीएलएफ की निगरानी में किया गया है।





